बाघिन आरबीटी-124 (ऋद्धि) को हाल ही में नाल घाटी क्षेत्र में एक शावक के साथ देखा गया

- राकेश अग्रवाल जिला संवाददाता
सवाई माधोपुर रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के लिए एक सुखद एवं उत्साहवर्धक समाचार प्राप्त हुआ है। बाघिन आरबीटी-124 (ऋद्धि) को हाल ही में नाल घाटी क्षेत्र में एक शावक के साथ देखा गया है। वन विभाग की नियमित गश्त एवं मॉनिटरिंग के दौरान बाघिन एवं उसके शावक की उपस्थिति दर्ज की गई।
बाघिन ऋद्धि एवं उसके शावक की गतिविधियों पर वन विभाग द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। शावक का स्वस्थ एवं सुरक्षित रूप से देखा जाना रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में बाघ संरक्षण प्रयासों की सफलता का एक सकारात्मक संकेत है।
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में बाघों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण, प्रभावी गश्त, वन्यजीव संरक्षण उपायों तथा स्थानीय समुदायों के सहयोग के परिणामस्वरूप बाघों की प्रजनन सफलता निरंतर बनी हुई है। यह घटना रिजर्व की समृद्ध जैव विविधता एवं स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र को भी दर्शाती है।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा बाघिन एवं शावक को किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए संबंधित क्षेत्र में विशेष सतर्कता एवं प्रावधान लागू कर निगरानी बरती जा रही है।











