भीषण गर्मी में बार-बार बिजली कटौती से सादड़ी की जनता परेशान, जिम्मेदार अधिकारियों पर अनदेखी के आरोप

सादड़ी। नगर क्षेत्र में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि बिना किसी आंधी, बारिश अथवा तकनीकी आपदा के भी दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं रहने से घरों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग एवं बीमार व्यक्ति सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बार-बार बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों, व्यापारिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस संबंध में विधानसभा युवा नेता महासचिव (कांग्रेस ) 120 महेंद्र कुमार दर्जी ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सादड़ी नगर की जनता लंबे समय से अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने या जानकारी लेने के लिए जब विभाग के संबंधित अधिकारियों, विशेषकर जेईएन को फोन किया जाता है तो अधिकांश समय फोन रिसीव नहीं किया जाता, जिससे आमजन में रोष बढ़ता जा रहा है।
महेंद्र कुमार दर्जी ने कहा कि यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो विभाग को इसकी पूर्व सूचना जनता तक पहुंचानी चाहिए, लेकिन बिना किसी स्पष्ट कारण के बार-बार बिजली कटौती होने से लोगों में विभाग के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मांग की कि सादड़ी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल सुधारते हुए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को आमजन के प्रति जवाबदेह बनाया जाए।
नगरवासियों ने भी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के माध्यम से आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।













