वनवासी कल्याण आश्रम की राष्ट्रीय कार्यकर्ता बैठक भीलवाड़ा में, 350 से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल

Suresh Monu Chhipa
भीलवाड़ा, 13 अगस्त। वनवासी कल्याण आश्रम की अखिल भारतीय स्तर की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यकर्ता बैठक इस बार भीलवाड़ा में आयोजित होगी। आगामी 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाली छह दिवसीय बैठक में देशभर से 350 से अधिक केंद्रीय प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
वनवासी कल्याण परिषद के प्रांत नगरीय प्रमुख रामप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकर्ता बैठक की तैयारियों को लेकर वनवासी कल्याण आश्रम के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय 15 अगस्त को एक दिवसीय प्रवास पर भीलवाड़ा आएंगे। इस दौरान बैठक की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं संगठनात्मक विषयों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की जाएगी।
जिला उपाध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि छह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन भीलवाड़ा शहर में हरणी महादेव के पास स्थित रामेश्वरम भवन में किया जाएगा। बैठक की तैयारियों एवं समन्वय के लिए ज्ञानचंद जैन को संयोजक नियुक्त किया गया है।
जिला सचिव कैलाश नंदावत ने बताया कि 15 अगस्त को वनवासी कल्याण परिषद की भीलवाड़ा इकाई की विस्तृत बैठक आयोजित होगी। इसमें जिला कार्यकारिणी, महानगर कार्यकारिणी एवं महिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में आगामी राष्ट्रीय कार्यकर्ता बैठक की तैयारियों को लेकर विभिन्न जिम्मेदारियों एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।











