दुदनी सरकारी स्कूल खेल मैदान में पहुंचा मगरमच्छ, रेस्क्यू कर जवाई बांध में छोड़ा

DK Kothar
दूदनी। उपखंड क्षेत्र के दूदनी गांव स्थित राजकीय सरकारी स्कूल के खेल मैदान में मंगलवार सुबह करीब पांच फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों और स्कूल परिसर में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग एवं जवाई वाइल्डलाइफ कंजरवेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की रेस्क्यू टीम को दी।
मालमसिंह चौहान ने बताया कि सुबह स्कूल के खेल मैदान में मगरमच्छ नजर आने पर ग्रामीण रूपेश देवासी और मालमसिंह चौहान ने इसकी सूचना जवाई वाइल्डलाइफ कंजरवेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग एवं रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू अभियान में रेस्क्यू टीम के सदस्य मकसूद छीपा, दिलीप मारू, आसिक खान, फॉरेस्ट गार्ड, संजय राठौड़ फॉरेस्टर, जवाई चौकी के कार्मिकों सहित मालमसिंह चौहान, रूपेश देवासी, सोनाराम देवासी और गोपाल चम्पत मेघवाल मौजूद रहे।
रेस्क्यू टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग पांच फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से जवाई बांध के डूब क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
पास के सूखे तालाब से आने की संभावना
रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने मगरमच्छ के स्कूल के खेल मैदान तक पहुंचने के कारणों की जानकारी लेने के लिए आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि स्कूल के पास स्थित एक तालाब, जो वर्तमान में सूख चुका है, वहां से मगरमच्छ के खेल मैदान तक पहुंचने की संभावना है।
ग्रामीणों के अनुसार, वन विभाग को सूचना देने के करीब 25 मिनट में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और समय रहते मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। वन विभाग एवं रेस्क्यू टीम की तत्परता से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने से बच गई।
इस दौरान वन विभाग के कर्मचारियों सहित रेस्क्यू दल के सदस्य एवं ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।











