अन्नपूर्णा रसोई में महापौर और आयुक्त का औचक निरीक्षण, भोजन चखकर परखी गुणवत्ता

प्रवीण सेन।
स्वच्छता और सम्मानजनक व्यवहार पर जोर, शहर की सभी 9 रसोइयों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
नगर निगम महापौर श्रीमती जसवंत कंवर एवं आयुक्त श्री कमल सिंह यादव ने अरिहंत अस्पताल के पास संचालित अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर और आयुक्त ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी तथा रसोई में भोजन कर रहे लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर एवं आयुक्त ने रसोई संचालक को निर्देश दिए कि यहां भोजन करने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें आदरपूर्वक भोजन परोसा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में कुल 9 अन्नपूर्णा रसोइयों का संचालन किया जा रहा है। निगम प्रशासन की ओर से इन रसोइयों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि आमजन को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके।
महापौर एवं आयुक्त ने सभी रसोई संचालकों को साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और पोषण संबंधी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और आम नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है।











