40 साल का इंतजार खत्म: ग्रामीण सेवा शिविर में मिला मकान का पट्टा, परिवार को मिली नई उम्मीद

Prabhu Lal Lohar
पाली, 26 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बांता में आयोजित शिविर एक परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया।
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत बांता निवासी मांगू सिंह पुत्र भोमसिंह को उनके मकान का वैध पट्टा प्रदान किया गया। मांगू सिंह पिछले लगभग 40 वर्षों से अपने पैतृक मकान के स्वामित्व अधिकार के लिए प्रयासरत थे। ग्रामीण सेवा शिविर में उनकी समस्या का त्वरित समाधान करते हुए ग्राम पंचायत ने उन्हें मकान का वैध मालिकाना हक सौंप दिया।
पट्टा मिलने पर मांगू सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि अब वे बैंक से ऋण लेकर नया व्यवसाय शुरू कर सकेंगे, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति और जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है।
शुक्रवार को आयोजित शिविर:
26 जून को मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांता एवं बिठाड़ा कलां में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए।
आगामी शिविर कार्यक्रम:
29 जून (सोमवार): डेण्डा, गेलावास, चंडावल स्टेशन, करमावास पट्टा, मुसालिया, कण्टालिया, माडपुर, सांवलता, नाडिया, चामुण्डेरी राणावतान एवं कोलीवाड़ा।
30 जून (मंगलवार): कूरना, माण्डावास, मण्डला, अटबड़ा, गुडा रामसिंह, राणावास, सिन्दरली, गजनीपुरा, भीमाणा, बेड़ा एवं चाणोद।
प्रशासन के अनुसार इन ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित एवं मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।











