मांडल में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत

- बनेड़ा
जयपुर-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर मांडल चौराहे के ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। रायला से भीलवाड़ा की ओर जा रही एक बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुबह करीब 5:00 बजे 108 एंबुलेंस सेवा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट प्रभु प्रजापत, ईएमटी प्रकाश चंद्र कुमावत तथा मेल नर्स दीपक दाधीच और रमेश चंद्र गुर्जर ने घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए तुरंत मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने लेखराज बागड़ी (55 वर्ष), निवासी किशनगढ़, जो रेलवे पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे, तथा रविंद्र कुमार जाट (48 वर्ष), जो रेलवे पुलिस विभाग से जुड़े थे, को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल छोटू भील (40 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।

पुलिस ने तीनों शवों को मांडल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक लेखराज बागड़ी और रविंद्र कुमार जाट रेलवे पुलिस विभाग में कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से रेलवे पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज गति और लापरवाही हादसे का कारण हो सकती है।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराने की मांग की है।














