नारायण सैन चित्तौड़गढ़ और किशनलाल सैन राजसमन्द के जिला अध्यक्ष नियुक्त: श्री नारायणी धाम महासभा ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

- सत्यनारायण सेन गुरला
चित्तौड़गढ़/राजसमन्द। अखिल भारतीय श्री नारायणी धाम प्रबन्ध एवं विकास महासभा समिति द्वारा संगठन का विस्तार करते हुए नारायण सैन आरणी को चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। उनके साथ ही संगठन को मजबूती देने के लिए किशनलाल उर्फ कालूराम सैन को राजसमन्द का जिला अध्यक्ष बनाया गया है।
मुख्य नियुक्ति के अंतर्गत, चित्तौड़गढ़ जिले की राशमी तहसील के आरणी गांव निवासी हरिशंकर सैन के पुत्र नारायण सैन आरणी को उनकी संगठन के प्रति लंबे समय से चली आ रही निष्ठा, सक्रियता और संघर्षशील भावना को देखते हुए इस शीर्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति के राष्ट्रीय मुख्यालय (अलवर) से उनके नाम का आधिकारिक नियुक्ति-पत्र जारी कर दिया गया है।
इसी विस्तार के तहत राजसमन्द जिले की ग्राम-छापरी (पोस्ट-धनेरिया) निवासी देवीलाल सैन के पुत्र किशनलाल उर्फ कालूराम सैन को भी राजसमन्द जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्त कर संगठन की कमान सौंपी गई है। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सैन करेल ने दोनों नियुक्तियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई है कि नवनियुक्त जिला अध्यक्ष नारायण सैन आरणी और किशनलाल सैन पूरी ईमानदारी, तन-मन-धन और समर्पण भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। दोनों पदाधिकारी महासभा और ट्रस्ट के सेवाभावी संदेशों व उद्देश्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में जन-जन तक पहुँचाने में अपनी मुख्य भूमिका निभाएंगे। नारायण सैन आरणी को मुख्य कमान मिलने पर स्थानीय समाज, शुभचिंतकों और समिति के कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों को बधाई दी है।













