सरपंच मंजू भांभी की जीत की खुशी में दो युवकों ने की 7 किलोमीटर की दंडवत यात्रा

बनेड़ा – परमेश्वर दमामी
चुनाव से पहले बड़ी के माताजी के दरबार में लगाई थी अर्जी, मनोकामना पूरी होने पर करीब 2 घंटे में पूरी की यात्रा, डीजे की धुन पर नाचते-कूदते साथ चले महिला-पुरुष
ग्राम पंचायत सरदार नगर में सरपंच पद पर मंजू भांभी एवं उपसरपंच पद पर सत्यनारायण तेली के निर्वाचित होने की खुशी में दो युवकों ने अपनी आस्था और संकल्प का अनूठा उदाहरण पेश किया। दोनों युवकों ने बड़ी के माताजी, जोरावरपुरा तक करीब 7 किलोमीटर की दंडवत यात्रा कर माताजी के दरबार में धोक लगाई तथा मनोकामना पूर्ण होने पर आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमावत (32 वर्ष) एवं अशोक गिरी (26 वर्ष), पिता गोपाल गिरी, ने पंचायत चुनाव से पूर्व बड़ी के माताजी के दरबार में अर्जी लगाई थी। दोनों युवकों ने मनोकामना की थी कि यदि उनकी पसंदीदा सरपंच प्रत्याशी मंजू भांभी सरपंच निर्वाचित होती हैं तथा सत्यनारायण तेली उपसरपंच बनते हैं, तो वे बड़ी के माताजी के दरबार तक दंडवत यात्रा करेंगे।
चुनाव परिणाम आने के बाद मनोकामना पूरी होने पर दोनों युवकों ने अपना संकल्प निभाने का निर्णय लिया। इसके बाद दोनों ने दंडवत करते हुए करीब 7 किलोमीटर की यात्रा शुरू की। दोनों युवकों ने लगभग 2 घंटे में यात्रा पूरी कर बड़ी के माताजी, जोरावरपुरा पहुंचकर दर्शन किए और धोक लगाकर आशीर्वाद लिया।
डीजे की धुन पर नाचते-कूदते साथ चले महिला-पुरुष
दंडवत यात्रा के दौरान उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। दोनों युवकों के साथ महिलाएं एवं पुरुष भी यात्रा में शामिल हुए। डीजे की धुन पर महिलाएं एवं पुरुष नाचते-कूदते हुए साथ चल रहे थे। यात्रा के दौरान श्रद्धा, उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा। मनोकामना पूरी होने के बाद दोनों युवकों द्वारा संकल्प निभाने के इस प्रसंग को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा रही।
ये रहे मौजूद
दंडवत यात्रा के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच मंजू भांभी, उपसरपंच सत्यनारायण तेली सहित राजू सुथार, जमना गिरी, शिवगिरी, गोविन्द राम कुमावत, शिवलाल कुमावत, नारायण खटोड़, सुखदेव माली, राजू तेली, कैलाश जाट, देबीलाल भांभी, श्यामलाल तेली एवं छोटू गिरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।











