मृतक बालिका को न्याय दिलाने की मांग तेज, अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच व दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

राकेश अग्रवाल, संवाददाता
सवाई माधोपुर। जयपुर में एक नाबालिग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में न्याय की मांग अब तेज होती जा रही है। इसी क्रम में रविवार को अग्रवाल समाज (संघ) सवाई माधोपुर के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों लोगों ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया तथा मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष, गहन एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से अग्रवाल समाज के प्रदेशाध्यक्ष अशोक गर्ग ने बताया कि जयपुर निवासी मनीष गर्ग की नाबालिग पुत्री की संदिग्ध एवं दुखद मृत्यु से पूरे अग्रवाल समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज का मानना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
प्रदेशाध्यक्ष गर्ग ने कहा कि मृतका के पिता द्वारा जयपुर के प्रताप नगर थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही घटना से जुड़े आईएएस रेजिडेंसी कनेक्शन एवं अन्य संदिग्ध पहलुओं की गंभीरता से जांच कराई जाए।
ज्ञापन में मांग की गई कि मृतका का मेडिकल बोर्ड गठित कर पुनः पोस्टमार्टम कराया जाए, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके। इसके अतिरिक्त पूरे प्रकरण की जांच पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर के अधिकारी से कराई जाए, ताकि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।
अग्रवाल समाज ने मांग की कि घटना से संबंधित सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच में शामिल किया जाए। इसके तहत आईएएस रेजिडेंसी के सीसीटीवी फुटेज, प्रवेश एवं निकासी रिकॉर्ड, आगंतुक रजिस्टर तथा वहां तैनात सुरक्षा गार्डों से जुड़े दस्तावेजों को तत्काल जब्त किया जाए। साथ ही मृतका की साइकिल, पर्स, वस्त्र एवं चप्पलों को भी जब्त कर उन पर फिंगर प्रिंट सहित वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए।
समाज ने यह भी मांग उठाई कि आरोपी एवं मृतका की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), इंस्टाग्राम चैट, मोबाइल लोकेशन तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जाए। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक होने पर अतिरिक्त एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
अशोक गर्ग ने बताया कि मृतक बालिका की आयु मात्र 15 वर्ष 6 माह थी। इतनी कम उम्र में हुई इस दुखद घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि समाज किसी भी कीमत पर इस मामले को दबने नहीं देगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार एवं प्रशासन द्वारा मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अग्रवाल समाज जयपुर कूच कर व्यापक आंदोलन करेगा। आवश्यकता पड़ने पर जयपुर की सड़कों को जाम करने तथा मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन करने जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।
समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मृतक बालिका को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, युवा एवं महिला प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।











