जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित, योजनाओं की प्रगति में सुधार के लिए जिला कलेक्टर ने चिकित्सा अधिकारियों के कार्यों को सराहा

भरत शर्मा
पाली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में जिला कलेक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सा विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में ब्लॉक वार समीक्षा कर लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर डॉ गोस्वामी ने लाडो प्रोत्साहन योजना व संस्थागत प्रसव योजना की प्रगति में हुए सुधार को लेकर चिकित्सा अधिकारियों की सराहना की तथा यह कार्य निरंतर जारी रखने को कहा। उन्होंने टीकाकरण के बारे में समीक्षा करते कहा कि कोई भी बच्चा टीके से वंचित नहीं रहे।
उन्होंने नियमित टीकाकरण के साथ एचपीवी वैक्सीन के बारे में की समीक्षा कर कहा स्कूले खुलने के बाद में इस अभियान में गति लाकर लक्ष्य की प्राप्ति करें तथा अभियान के लिए लोगों को जागरूक करें। कलेक्टर ने टीकाकरण को लेकर सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल से कहा कि वे हर महीने की 25 तारीख को चिकित्सा अधिकारियों की वीसी लें तथा मॉपअप राउंड चला कर शत प्रतिशत टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 12 जून से जिले में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में लाडो योजना प्रोत्साहन योजना की पेंडेंसी को और कम किया जा सकता है। साथ ही सेवा शिविरों में चिकित्सा विभाग भी लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जागरूक करें तथा योजनाओं से वंचित लोगों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पैरामीटर तय किया जाए तथा अच्छे कार्य करने वालों को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने का अभियान चलाए। उन्होंने एनएचएम में सिविल कार्य के बारे में चिकित्सा अधिकारियों को अवगत करवाने के लिए सिविल अभियंता को प्रशिक्षण देने के लिए निर्देश दिए।
उन्होंने आओ गांव चले अभियान के तहत चिकित्सा संस्थानों में सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रवासियों को अधिक से अधिक प्रेरित करें तथा संस्थानों में प्रवासियों से अधिक कार्य करवाने वाले चिकित्सा अधिकारियों व कार्मिकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने चिकित्सा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति के बारे में अवगत कराया। बैठक में बाली पीएमओ डॉ. भरत टेलर, सुमेरपुर पीएमओ डॉ. महिपाल परमार, पाली पीएमओ से डॉ. एस.एन. स्वर्णकार, सोजत पीएमओ से डॉ पीआर सिरवी, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अंकित माथुर, डीपीएम भवानी सिंह, यूपीएम जितेंद्र परमार, डीपीसी रामप्रकाश गढ़वाल, नंदलाल शर्मा सहित जिले के सभी बीसीएमओ, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा प्रभारी, जपाईगो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इन योजनाओं पर हुई चर्चा
पाली/ सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने जिले में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के बारे में अवगत कराया। साथ ही पाली जिले में 16 जून से 31 जुलाई तक चलने वाले स्टॉप डायरिया अभियान 2026 के बारे में भी विस्तृत चर्चा की गई तथा इन अभियानों को सफल बनाने के लिए संबंधित बीसीएमओ को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में एएनसी सेवाएं, संस्थागत प्रसव, एफआरयू सेवाएं, पूर्ण टीकाकरण एवं एचपीवी वैक्सीनेशन, एनटीईपी कार्यक्रम, एनसीडी कार्यक्रम, एबीडीएम, उजाला क्लिनिक, आउटरीच कैंप, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान, तंबाकू मुक्त भारत अभियान, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीसीटीएस एंट्री, प्रसव वाॅच एप्लिकेशन, क्वालिटी एएनसी जांच, ई-संसाधन,एफसीएम फोलोअप, आईडीएसपी गतिविधियों आदि कार्यक्रमों के बारे में समीक्षा की गई।











