मारवाड़ प्रीमियर लीग-4 का भव्य आगाज, कैबिनेट मंत्रियों व विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत ने किया शुभारंभ

फालना। भारतीय जनता पार्टी मंडल खुडाला फालना के तत्वावधान में आयोजित मारवाड़ प्रीमियर लीग-4 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का बुधवार को एसपीयू स्कूल ग्राउंड, फालना में भव्य शुभारंभ हुआ। रंग-बिरंगी आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ आयोजित उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा एवं कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत उपस्थित रहे। उनके साथ बाली उपखण्ड अधिकारी दिनेश बिश्नोई, पुलिस अधिकारी पारस चौधरी, नायब तहसीलदार तथा नगर पालिका खुडाला फालना के अधिशासी अधिकारी विनयपाल जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आयोजन समिति के अनुसार सात दिवसीय इस ओपन रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में करीब 48 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्य अतिथियों ने भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं उद्घाटन मैच में टॉस कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने, अनुशासन बनाए रखने तथा हार-जीत को खेल का अभिन्न हिस्सा मानने का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम में आयोजन समिति एवं भामाशाह परिवारों के योगदान की सराहना करते हुए अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। समिति की ओर से अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री भारत त्रिवेदी, आयोजन समिति के देवेंद्र सिद्धावत, रितेश अग्रवाल, ललित मालवीय, दिनेश पुरी, कुणाल पवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।













