जनगणना 2027 : मकान सूचीकरण कार्य में पाली नगर निगम राजस्थान में द्वितीय

पाली, 13 जून। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत नगर निगम पाली ने मकान सूचीकरण कार्य निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज के निर्देशन में नगर निगम क्षेत्र के 397 ब्लॉकों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया गया तथा 13 जून को ही शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया। इस उपलब्धि के साथ पाली नगर निगम राजस्थान के 10 नगर निगमों में अलवर के बाद दूसरे स्थान पर रहा।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया की मकान सूचीकरण कार्य 16 मई से 14 जून तक निर्धारित था, लेकिन नगर निगम की टीम ने एक दिन पूर्व ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अभियान में 66 सुपरवाइजर एवं 397 प्रगणकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और पूरी निष्ठा के साथ कार्य संपादित किया।
कार्य की सफलता में नगर निगम के नवाचारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रगणकों को नजरी नक्शों की केएमएल फाइल उपलब्ध करवाई गई, जिससे ब्लॉक सीमाओं को समझने और नक्शा तैयार करने में आसानी हुई तथा कार्य की गति बढ़ी। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
चार्ज अधिकारी जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में ब्लॉक बाउंड्री तैयार करने में सहायक नगर नियोजक इंद्रजीत पंचारिया, कनिष्ठ अभियंता योगेश प्रजापत तथा तकनीकी टीम में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कंप्यूटर अनुदेशक देवीदत्त जोशी, शालिनी मेवाड़ा, जबरचंद सोनी एवं कनिष्ठ लिपिक खालिद खान का विशेष योगदान रहा। टीम ने डेटा की शुद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य की विश्वसनीयता सुनिश्चित की।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सुपरवाइजर्स एवं प्रगणकों को बधाई देते हुए कहा कि टीमवर्क, नवाचार और समर्पित कार्यशैली के कारण पाली नगर निगम ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चरणों में भी नगर निगम इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।












