महाराणा प्रताप जयंती पर बाली में चारों महापुरुषों के स्मारकों पर भव्य रोशनी, नगर हुआ भगवामय

Vikram B Rathod
बाली। महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में बाली महाराणा प्रताप सेवा समिति द्वारा नगर में विशेष सजावट एवं भव्य रोशनी की व्यवस्था की गई है। पूरे बाली नगर को भगवामय स्वरूप में सजाया गया है। इस अवसर पर महाराणा प्रताप स्मारक, पृथ्वीराज चौहान स्मारक, छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक एवं वीर दुर्गादास राठौड़ स्मारक पर आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-रोगन एवं विशेष अलंकरण किया गया है, जिससे नगर की शोभा देखते ही बन रही है।
समिति के संयोजक नरेन्द्र अमृतलालजी परमार ने बताया कि 17 जून 2025 को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर साधु-संतों के सानिध्य में बाली में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा मनमोहन पार्श्वनाथ चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महाराणा प्रताप चौक पर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा के समापन पर विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के गणमान्य नागरिक, युवा एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में भाग लेंगे। महाराणा प्रताप जयंती को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है।
महाराणा के अनुयायी एवं राजपूत समाज के लोग पारंपरिक मारवाड़ी वेशभूषा और राठौड़ी पगड़ी धारण कर बाली पहुंचने लगे हैं। नगर में चारों ओर उत्सव का माहौल है तथा भव्य शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह समारोह बाली के इतिहास में एक यादगार आयोजन बनने जा रहा है।











