भायंदर पूर्व में एलिवेटेड उड़ानपुल का लोकार्पण, क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मिलेगी बड़ी राहत
गोल्डन नेस्ट से दीपक हॉस्पिटल मार्ग तक बने फ्लाईओवर का हुआ शुभारंभ, नागरिकों का सफर होगा तेज और सुगम

रिपोर्टर – विक्रम बी राठोड
भायंदर। मीरा-भायंदर शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भायंदर पूर्व स्थित गोल्डन नेस्ट से दीपक हॉस्पिटल मार्ग तक निर्मित एलिवेटेड उड़ानपुल का रविवार को लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में विधायक नरेंद्र मेहता की प्रमुख उपस्थिति रही, जबकि महापौर डिंपल मेहता ने शुभहस्तों से पुल का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि उड़ानपुल के शुरू होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम बनेगा।
उन्होंने बताया कि मीरा-भायंदर की बढ़ती जनसंख्या और शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है। यह उड़ानपुल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल, स्थायी समिति सभापति हसमुख गहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप जैन, नगरसेवकगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मीरा-भाईंदर के सर्वांगीण विकास को नई गति देने का संकल्प निरंतर जारी रहेगा तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे विकास कार्य किए जाते रहेंगे।











