प्रताप बाजार में यातायात जाम से आमजन परेशान दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाने की मांग को लेकर एसपी से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल

लूनिया टाइम्स संवाददाता भरत जीनगर रानी स्टेशन।
रानी कस्बे के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र प्रताप बाजार में लंबे समय से बनी हुई यातायात अव्यवस्था एवं जाम की समस्या को लेकर मंगलवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने बाजार में बढ़ते यातायात दबाव लगातार लगने वाले जाम और आमजन को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए स्थायी समाधान की मांग की भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिश गहलोत के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री डालचंद चौहान पूर्व मंडल अध्यक्ष जयन्तिलाल वैष्णव गोविंदलाल परमार देवराज कुमावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में बताया कि प्रताप बाजार कस्बे का सबसे व्यस्त एवं प्रमुख बाजार क्षेत्र है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी एवं अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं बाजार की संकरी सड़कें अनियंत्रित पार्किंग तथा बढ़ते वाहनों के कारण यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यातायात अव्यवस्था के कारण कई बार एंबुलेंस स्कूल बसों एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी निकलने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है इससे आमजन, व्यापारी वर्ग एवं विद्यार्थियों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है कई बार घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहने से लोगों का समय भी व्यर्थ होता है भाजपा नेताओं ने मांग की कि प्रताप बाजार में नियमित रूप से दो यातायात पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाए ताकि यातायात को सुचारू बनाया जा सके और बाजार क्षेत्र में व्यवस्था बनी रहे.
उन्होंने कहा कि यदि बाजार में ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की जाती है तो जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है इस दौरान पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी उन्होंने कहा कि प्रताप बाजार की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही दो यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी जिससे आमजन को राहत मिल सके भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई कर प्रताप बाजार की पुरानी यातायात समस्या का समाधान किया जाएगा













