मिशन मानस के तहत विद्यार्थियों को करियर, स्वास्थ्य व नवाचार की दी जानकारी

Bharat Sharma
भामाशाह ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को चांदी का सिक्का व ₹1100 देने की घोषणा. भरत शर्मा
पाली, 19 जुलाई। जिला कलक्टर के नवाचार ‘मिशन मानस’ के तहत रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भांगेसर में विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, करियर मार्गदर्शन, कला एवं शैक्षणिक उन्नयन से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था प्रधान धर्मेन्द्र पालरिया ने मिशन मानस के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस नवाचार का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।
मिशन मानस के प्रभारी रघुवीर सिंह ने विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया एवं तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। अनु सिंघल ने मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता तथा आयरन की गोलियों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं रवि प्रकाश ने प्रभावी प्रार्थना सभा के आयोजन एवं उसके शैक्षणिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंतर्गत शाला स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभारी ओम प्रकाश एवं कमलेश सेन ने कक्षा 9 से 12 तक के सभी विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। रामेश्वरम मीणा ने विद्यालय के विकास, शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी साझा की, जबकि प्रियंका कत्याल ने वर्तमान समय में कम्प्यूटर शिक्षा की उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डाला।

उच्च शिक्षा एवं करियर मार्गदर्शन सत्र में अभिषेक वैष्णव एवं कृष्ण कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा लक्ष्य निर्धारण के बारे में मार्गदर्शन दिया। पाली के प्रसिद्ध आर्ट कलाकार प्रशांत जैन ने विद्यार्थियों को पेंटिंग की बारीकियों से अवगत कराते हुए रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के गुर बताए। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन सिंह, इंद्र सिंह एवं मंगिलाल देवासी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान भामाशाह इंद्र सिंह ने बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक चांदी का सिक्का एवं ₹1100 नकद पुरस्कार देने की घोषणा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया कार्यक्रम में पर्वत सिंह भाटी, जगदीश राजपुरोहित, लता कन्नौजिया, भागीरथ, भानाराम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने मिशन मानस के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों को उपयोगी बताते हुए नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।











