डीजेड फाउंडेशन के सहयोग से विद्यार्थियों ने किया प्लास्टिक रीसाइक्लिंग केंद्र का भ्रमण

सुमेरपुर। डीजेड (DJED) फाउंडेशन के सहयोग से संचालित पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत आज एच. सी. बाफना स्कूल, सुमेरपुर के छात्र-छात्राओं ने प्लास्टिक रीसाइक्लिंग केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वेस्ट प्लास्टिक के संग्रहण, छंटाई, प्रसंस्करण तथा रीसाइक्लिंग की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि अनुपयोगी प्लास्टिक कचरे को वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रित कर बेंच, प्लास्टिक लकड़ी एवं अन्य उपयोगी उत्पादों में कैसे परिवर्तित किया जाता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम तथा रीसाइक्लिंग के महत्व को समझा और अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र में प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर रीसाइक्लिंग के लिए भेजने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा समाज को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ वातावरण की दिशा में प्रेरित करना है।











