तारदेव, मुंबई में उपाध्याय श्री अनंतचंद्र विजय महाराज साहेब का ऐतिहासिक चातुर्मास मंगल प्रवेश हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

विक्रम बी. राठौड़
मुंबई, 24 जुलाई। तारदेव स्थित मूर्तिपूजक जैन संघ में परम पूज्य उपाध्याय गुरुभगवंत श्री अनंतचंद्र विजय महाराज साहेब एवं संगीत प्रेमी श्री अरिहंत विजय महाराज साहेब का चातुर्मास मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति और सादगीपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
यह मंगल प्रवेश परम पूज्य पंजाब केसरी विजय वल्लभ सूरी महाराज साहेब, परम पूज्य परमार क्षत्रिय उद्धारक श्री विजय इन्द्रदिन्न सूरी महाराज साहेब तथा परम पूज्य आचार्य श्री विजय रत्नाकर सूरी महाराज साहेब की दिव्य कृपा एवं वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य श्री धर्मधुरंधर सूरी महाराज साहेब के शुभ आशीर्वाद से सम्पन्न हुआ।

मुंबई में लागू धारा 144 के कारण पूर्व निर्धारित विशाल शोभायात्रा एवं समारोह को निरस्त कर सादगीपूर्ण ढंग से चातुर्मास मंगल प्रवेश आयोजित किया गया। इसके बावजूद कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था और पूरा वातावरण धर्ममय बना रहा।
मंगल प्रवेश अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गुरु भक्त उपस्थित हुए। पंजाब, लुधियाना, दिल्ली, राजस्थान, सेवाड़ी, ठाणे, बाली, गोरेगांव, फोर्ट (बोरा बाजार), बड़ौदा, भायंदर, सादड़ी सहित अनेक स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने गुरु भगवंत के दर्शन कर उनके मुखारविंद से मंगलिक श्रवण किया तथा धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन आदिनाथ जैन मंदिर, सोनावाला बिल्डिंग, तारदेव (मुंबई) के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन में अनुशासन, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।











