विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भीलवाड़ा में तिरंगा यात्रा, शहीदों और विस्थापितों को किया नमन

मोनू सुरेश छीपा।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता का लिया संकल्प
भीलवाड़ा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय, भीलवाड़ा में श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान तिरंगा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सिंधी समाज के बंधुजनों ने सहभागिता करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लाखों देशवासियों तथा विस्थापन का असहनीय दर्द झेलने वाले परिवारों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 14 अगस्त का दिन भारत के इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय की स्मृति दिलाता है, जिसने देश और समाज को गहरे घाव दिए। विभाजन की पीड़ा और उससे जुड़ी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि राष्ट्र की एकता और अखंडता के महत्व को समझा जा सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त आयोग अध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी रहे। इस अवसर पर भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, निवर्तमान सांसद सुभाष चंद्र बहेरिया, निवर्तमान विधायक विठ्ठल शंकर अवस्थी, निवर्तमान महापौर राकेश पाठक सहित भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता एवं विभाजन का दंश झेलने वाले सिंधी समाज के बंधुजन उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि विभाजन का यह वेदनापूर्ण अध्याय हमें यह संदेश देता है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।











