दूसरे चरण के चुनाव को लेकर बनेड़ा में घमासान, भाजपा-कांग्रेस के साथ निर्दलीयों का भी जोरदार प्रचार

विधायक डॉ. लालाराम बैरवा और पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने संभाली कमान, रैलियों व जनसंपर्क से माहौल हुआ गर्म
- बनेड़ा
नगरपालिका चुनाव के दूसरे चरण को लेकर बनेड़ा में चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्याशियों का तूफानी प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियान जोर-शोर से चल रहा है। गली-मोहल्लों में रैलियां, बैठकों और घर-घर जनसंपर्क के चलते चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म नजर आ रहा है।
भाजपा की ओर से विधायक बैरवा सक्रिय
स्थानीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा नगरपालिका बनेड़ा चुनाव को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। भाजपा की ओर से वे विभिन्न वार्डों में पहुंचकर प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में भी विधायक बैरवा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा रैलियों और जनसंपर्क के माध्यम से मतदाताओं से सीधा जुड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री रामलाल जाट की सक्रियता
वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने भी बनेड़ा नगरपालिका चुनाव पर अपनी नजरें केंद्रित कर दी हैं। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित पार्टी कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में जाट की मौजूदगी रही। इसके साथ ही रैलियों और जनसंपर्क के जरिए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

राजघराने की मौजूदगी से भी चर्चा में चुनाव
बनेड़ा नगरपालिका चुनाव में राजाधिराज गोपाल चरण सिंह सिसोदिया भी भाजपा की ओर से चुनावी मैदान में हैं। वहीं बनेड़ा राजघराने से राणीसा भी भाजपा के समर्थन में महिला मोर्चा के साथ विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क करती नजर आईं। महिला मोर्चा के साथ घर-घर पहुंचकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की जा रही है।
निर्दलीय प्रत्याशी भी मुकाबले में
भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है। कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार मजबूत जनसंपर्क करते हुए प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के सामने चुनौती पेश कर रहे हैं। ऐसे में कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय और बहुकोणीय होता दिखाई दे रहा है।
11 सितंबर को मतदान, नतीजों पर टिकी नजर
कुल मिलाकर बनेड़ा नगरपालिका चुनाव में इस बार मुकाबला काफी रोचक नजर आ रहा है। भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं की सक्रियता के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने से चुनावी समीकरण लगातार बदलते दिखाई दे रहे हैं। अब प्रत्याशियों की मेहनत और दावों का वास्तविक परिणाम 11 सितंबर को होने वाले मतदान के बाद आने वाले चुनाव नतीजों से ही स्पष्ट होगा कि बनेड़ा की जनता किसके पक्ष में अपना जनादेश देती है।











