शिक्षकों ने एफएलएन आधारित गतिविधियों एवं शिक्षण विधियों पर किया मंथन, समूह चर्चा के साथ क्लस्टर स्तरीय कार्यशाला का समापन

प्रवीण सेन।
एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) के अंतर्गत आयोजित सत्र की प्रथम क्लस्टर स्तरीय कार्यशाला का समापन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुभाष नगर में हुआ। समापन सत्र में विद्यालय की प्रधानाचार्य उर्मिला जोशी ने निपुण राजस्थान कार्यक्रम के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों को टीएलएम सामग्री के प्रभावी उपयोग तथा कक्षा शिक्षण में एफएलएन आधारित गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि कुसुम तोदी ने शिक्षकों से कार्यशाला के दौरान खुली शैक्षिक चर्चा एवं सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया। क्लस्टर केआरपी महेश मंडोवरा ने कार्यशाला के एजेंडे के अनुसार विद्या प्रवेश, पाठ्यपुस्तक, रेमेडियल वर्कबुक, एट ग्रेड वर्कबुक, मिशन पढ़ो राजस्थान, निपुण अभिभावक कैलेंडर, क्लस्टर कार्यशालाओं एवं एफएलएन असेसमेंट सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
केआरपी मंडोवरा ने शिक्षक ऐप एवं उसमें उपलब्ध शिक्षण सामग्री, पठन के दौरान कराई जाने वाली गतिविधियों, संबलनकर्ता द्वारा दिए जाने वाले अकादमिक सहयोग, आकलन के परिणाम एवं रिवीजन कालांश के साथ कक्षा 1 से 5 तक की शिक्षण विधियों पर समूह चर्चा कराई। उन्होंने इस वर्ष आयोजित होने वाले निपुण मेले एवं पीटीएम की जानकारी भी दी।
कार्यशाला में गतिविधि आधारित कक्षा शिक्षण, विभिन्न शिक्षण विधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, पोर्टफोलियो संधारण तथा रचनात्मक एवं योगात्मक आकलन जैसे विषयों पर भी शिक्षकों ने विचार-विमर्श किया।
कार्यशाला में यूसीईईओ सुभाष नगर के साथ बापूनगर, प्रताप नगर एवं सांगानेर क्षेत्र के शिक्षकों ने भाग लिया। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक जगजीतेंद्र सिंह एवं जिला साक्षरता अधिकारी मुकेश कुमार गुप्ता ने कार्यशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को कार्यशाला को सकारात्मक रूप से लेते हुए सक्रिय सहभागिता के माध्यम से इसे अधिक उपयोगी बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला के सफल आयोजन में मधु जैन का विशेष सहयोग रहा।











