नवयुवक मित्र मंडल के ‘भक्तांचा राजा’ गणपति का हर्षोल्लास के साथ विसर्जन

Vikram B Rathod
भायंदर (पश्चिम)। ईदरा कॉम्प्लेक्स, 60 फुट रोड, भायंदर पश्चिम में नवयुवक मित्र मंडल द्वारा आयोजित सार्वजनिक गणेशोत्सव के अंतर्गत स्थापित ‘भक्तांचा राजा’ गणपति का विसर्जन शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष करते हुए नाचते-झूमते आगे बढ़े। नासिक ढोल एवं ताशों की मधुर एवं जोशीली धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक गणपति बप्पा को विदाई दी। विसर्जन के अवसर पर 108 दीपकों से महाआरती की गई।
इस अवसर पर भायंदर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ‘भक्तांचा राजा’ की विदाई के समय श्रद्धालुओं के चेहरों पर भावुकता एवं उदासी भी देखने को मिली।

विसर्जन समारोह के दौरान भव्य इवेंट्स का आयोजन भी किया गया। विभिन्न प्रकार की आकर्षक रोशनी से परिसर को सजाया गया। नाट्य प्रस्तुति के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित भव्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। राजद्वार पर इवेंट्स टीम द्वारा भव्य गुलाल एवं पुष्पवर्षा की गई, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों श्रद्धालु चारों ओर एकत्रित हुए।
गणपति स्थापना से लेकर विसर्जन तक धार्मिक आयोजनों में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रमेशजी पुजारीजी द्वारा गणपति जी की स्थापना की गई तथा नित्य आरती और सत्यनारायण पूजा का आयोजन किया गया।
नवयुवक मित्र मंडल द्वारा गणेशोत्सव के दौरान फैंसी ड्रेस, हाउजी, फन एंड फेयर गेम्स, 56 भोग सहित विभिन्न धार्मिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अंत में ‘भक्तांचा राजा’ गणपति का विसर्जन भायंदर पश्चिम खाड़ी के धक्के पर विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण वातावरण में गणपति बप्पा को विदाई देते हुए अगले वर्ष पुनः आने की कामना की।











