‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से गूंजा सरदार नगर, धूमधाम से हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

बनेड़ा
गणेश चतुर्थी के अवसर पर सरदार नगर में गणेश प्रतिमाओं का धूमधाम और श्रद्धा के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा चारभुजा नाथ मंदिर से शुरू हुई, जो कुम्हार मोहल्ला, तेजाजी चौक, रावला चौक, कुमावत मोहल्ला, गाडरी मोहल्ला और हैली का चौक होते हुए गोविंद सागर तालाब पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से शोभायात्रा का माहौल देखते ही बन रहा था। गणपति बप्पा के जयकारों के साथ युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।

गोविंद सागर तालाब पहुंचने के बाद अलग-अलग मोहल्लों में विराजित गणेश प्रतिमाओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
इस दौरान सैकड़ों की तादाद में ग्रामीणजन एवं भक्तजन मौजूद रहे। विसर्जन के दौरान पूरा वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी और अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना की।











