लुधियाना में आचार्य विद्युतरत्न सूरीश्वर जी महाराज साहेब का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश 24 जुलाई को

Vikram B Rathod
लुधियाना (पंजाब)। आत्मानंद जैन सभा, लुधियाना के तत्वावधान में परम पूज्य ज्योतिषाचार्य आचार्य गुरुभगवंत विद्युतरत्न सूरीश्वर महाराज साहेब का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश 24 जुलाई 2026 को औद्योगिक नगरी लुधियाना के विजय इन्द्र दिन कम्युनिटी सेंटर, सुंदर नगर (समुद्र नगर) में श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया जाएगा।
यह पावन आयोजन पंजाब केसरी पूज्य विजय वल्लभ सूरी महाराज साहेब, परमार क्षत्रिय उद्धारक पूज्य विजय इन्द्र दिन्न सूरी महाराज साहेब तथा पूज्य आचार्य विजय रत्नाकर सूरी महाराज साहेब की दिव्य प्रेरणा एवं कृपा से तथा वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य धर्मधुरंधर सूरी महाराज साहेब के शुभ आशीर्वाद में संपन्न होगा।
इस अवसर पर आचार्य विद्युतरत्न सूरीश्वर जी महाराज साहेब के साथ पूज्य विनोद विजयजी महाराज साहेब, पूज्य मुनि मतिदर्शन विजय महाराज, पूज्य मुनीन्द्र विजय महाराज साहेब, पूज्य मुनि श्रुतदर्शन विजय महाराज, पूज्य विनीतदर्शन विजय महाराज साहेब सहित गुरु भगवंतों का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। साथ ही साध्वी सुमेधा श्रीजी, साध्वी सुनंदिता श्रीजी, साध्वी सुपराग श्रीजी, साध्वी सुनयना श्रीजी सहित साध्वीवृंद भी चातुर्मास में विराजमान रहेंगे।

चातुर्मास के दौरान धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इनमें आचार्य विजय रत्नाकर सूरीश्वर महाराज साहेब का जन्मोत्सव, पंजाब केसरी विजय वल्लभ सूरीश्वर महाराज साहेब की पुण्यतिथि, विजय इन्द्र दिन्न सूरीश्वर महाराज साहेब का जन्मोत्सव तथा विजय वल्लभ सूरीश्वर महाराज साहेब का जन्मदिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार चातुर्मास मंगल प्रवेश एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों में दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, मारवाड़, गुजरात, वडोदरा, भायंदर, बाली, सादड़ी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं एवं गुरु भक्तों के लुधियाना पहुंचने की संभावना है।
इस भव्य चातुर्मास का आयोजन आत्मानंद जैन सभा, लुधियाना (पंजाब) द्वारा किया जा रहा है। सभा ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।











