डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में अनियमितता पर महापौर बुबकिया सख्त, फर्म पर लगाया एक लाख रुपये का जुर्माना

Ghevarchand Arya Pali
पाली सेवा सेतु अभियान के तहत नगर निगम की महापौर नमिता विकास बुबकियां ने शुक्रवार को वार्ड नंबर 15 का सघन दौरा कर सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न कार्यों का जायजा लेकर शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने एवं स्वच्छता कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्म अर्बन एनवीरो वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
महापौर ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, बेसहारा गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने, अस्थायी कचरा स्टैंड की व्यवस्था सहित वार्ड में संचालित विभिन्न विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्यों की जानकारी ली। मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित एवं प्रभावी बनाए रखना संबंधित फर्म की जिम्मेदारी है। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पार्षद ललित प्रीतमानी, तेजसिंह चौहान, निर्मल जोशी, आशीष तिवाड़ी, अजय भाटी, नीतू अमरनानी, अन्नू सोलंकी, सुनील मेवाड़ा एवं राकेश जोशी सहित वार्ड वासी एवं नगर निगम की और से सचिव सावनकुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक दिलीप जावा, इंस्पेक्टर रवि आदिवाल सहित निगम के अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्डों में स्वच्छता, कचरा संग्रहण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।











