पर्युषण महापर्व के पांचवें दिन बीजोंवा में गूंजा भगवान महावीर के जन्मोत्सव का उल्लास

Rajkamal Pareek
श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जन्मोत्सव, धार्मिक बोलियां एवं स्वामी वात्सल्य का हुआ आयोजन
रानी। पर्युषण महापर्व के पांचवें दिन बीजोंवा गांव में भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने विभिन्न धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन समिति के ताराचंद जैन एवं भंवरलाल पूनमिया ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के जन्मोत्सव के अवसर पर जन्म वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भगवान महावीर स्वामी के जन्म प्रसंग का वाचन करते हुए उनके जन्म से जुड़े 14 शुभ स्वप्नों का वर्णन किया गया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक बोलियां भी लगाई गईं।
पर्युषण महापर्व के दौरान प्रतिदिन की तरह समाजबंधुओं द्वारा उपवास एवं विभिन्न प्रकार की तपस्याएं की जा रही हैं। साध्वीराज प्रज्ञाश्रीजी एवं कैवल्यप्रज्ञाश्रीजी महाराज साहेब के सानिध्य में नियमित रूप से प्रवचन, धार्मिक व्याख्यान एवं पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पूरे गांव में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

जन्मोत्सव के अवसर पर सुकनबेन सायरमल पूनमिया परिवार की ओर से तथा श्रीसंघ के कायमी लाभार्थी की ओर से शाम को स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया, जिसमें समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पर्युषण महापर्व के आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी जोर-शोर से की जा रही हैं। समाज के प्रवासी एवं स्थानीय श्रावक-श्राविकाएं इन धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्माराधना का लाभ ले रहे हैं।











