News

कांग्रेस की संयुक्त संगठनात्मक बैठक में पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव की रणनीति पर मंथन

नवनियुक्त प्रकोष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत, कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान

मोनू सुरेश छीपा


कांग्रेस की सरकार बनते ही शाहपुरा जिला पुनः बहाल होगा : रामलाल जाट


शाहपुरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों, संगठनात्मक रणनीति एवं चुनावी कार्ययोजना को लेकर ब्लॉक कांग्रेस एवं नगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त संगठनात्मक बैठक सेन धर्मशाला, जहाजपुर रोड, कलिंजरी गेट, शाहपुरा में आयोजित हुई। बैठक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन के नेतृत्व में हुई।

बैठक के मुख्य अतिथि कांग्रेस कमेटी ग्रामीण, भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, अध्यक्षता कांग्रेस के शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर ने की। विशिष्ट अतिथि विधानसभा प्रभारी रासा सिंह रावत रहे।

बैठक में आगामी पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा चुनावी रणनीति एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक वार्ड एवं पंचायत में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनाव में कांग्रेस को मजबूत स्थिति में लाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

WhatsApp Image 2026 08 08 at 7.39.31 PM WhatsApp Image 2026 08 08 at 7.39.30 PM

कार्यकर्ताओं से लिए सुझाव

बैठक में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं से भी संगठन को मजबूत करने को लेकर सुझाव लिए गए। कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, नए एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ने, वार्ड एवं पंचायत स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के सुझाव दिए।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं के सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम है और उनके सुझावों के आधार पर चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाया जाएगा।

एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ लगातार जनसंपर्क किया जाएगा और प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत

बैठक के दौरान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रकोष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष ग्रामीण लादू लाल चावला, अल्पसंख्यक विभाग ब्लॉक अध्यक्ष रजाक देशवाली एवं अल्पसंख्यक विभाग नगर अध्यक्ष आसिफ खां कायमखानी का कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

शाहपुरा जिला बहाली का मुद्दा उठा

बैठक को संबोधित करते हुए रामलाल जाट ने कहा कि पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती से तैयारियों में जुट गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ जनता के बीच जाने का आह्वान किया। जाट ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनते ही शाहपुरा जिले को पुनः बहाल करवाया जाएगा।

नरेंद्र कुमार रैगर ने कहा कि शाहपुरा की जनता के साथ भाजपा सरकार ने अन्याय किया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर शाहपुरा जिले का दर्जा पुनः बहाल करवाना प्राथमिकता होगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार एवं सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के आरोप लगाते हुए कहा कि जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।

विधानसभा प्रभारी रासा सिंह रावत ने कहा कि आगामी पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर कांग्रेस मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस की पूरी टीम पंचायत चुनाव को लेकर सक्रियता से कार्य करेगी और प्रत्येक पंचायत में संगठन को मजबूत किया जाएगा।

बैठक में नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेसजन, वार्ड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, निवर्तमान एवं पूर्व पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच प्रत्याशी, पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं प्रत्याशी सहित कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन ने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और आगामी चुनावों में पूरी एकजुटता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Khushal Luniya

Meet Khushal Luniya – A Young Tech Enthusiast, AI Operations Expert, Graphic Designer, and Desk Editor at Luniya Times News. Known for his Brilliance and Creativity, Khushal Luniya has already mastered HTML and CSS. His deep passion for Coding, Artificial Intelligence, and Design is driving him to create impactful Digital Experiences. With a unique blend of technical skill and artistic vision, Khushal Luniya is truly a rising star in the Tech and Media World.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button