राज्य पुरस्कार स्काउट एवं रोवर प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, 192 संभागियों ने लिया प्रशिक्षण

भरत शर्मा
देश सेवा का पर्याय है स्काउट गाइड – महेंद्र बोहरा
पाली, 12 अगस्त। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार स्काउट एवं रोवर प्रशिक्षण शिविर का समापन बुधवार को भारत स्काउट एवं गाइड जिला पाली के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समापन अवसर पर जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी में पौधारोपण भी किया गया।
सीओ स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि 8 से 12 अगस्त 2026 तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जिले के 40 से अधिक विद्यालयों से आए कुल 192 संभागियों ने भाग लिया। इनमें 188 स्काउट एवं 4 रोवर शामिल रहे। पांच दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों को राज्य पुरस्कार पाठ्यक्रम के विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्रदान कर आगामी राज्य पुरस्कार परीक्षा के लिए तैयार किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महेंद्र बोहरा ने कहा कि ’’स्काउट गाइड देश सेवा और सेवा भावना का पर्याय है।’’ डिजिटल युग में जब युवा मोबाइल और इंटरनेट पर अधिक निर्भर हो रहे हैं, ऐसे समय में स्काउट एवं रोवर पांच दिन तक घर-परिवार से दूर प्राकृतिक वातावरण में रहकर अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सेवा भावना का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में जीवन जीने की कला सिखाने के साथ ही बिना आधुनिक संसाधनों के भी एक जिम्मेदार एवं सुनागरिक बनने के लिए प्रेरित करती है।
पूर्व पार्षद अशोक बाफना ने भी शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण एवं स्काउटिंग गतिविधियों के महत्व पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर जिला प्रशिक्षण केंद्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
सीओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि राज्य पुरस्कार स्काउट-गाइड के लगातार आयोजित हो रहे प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से अब तक जिले के 176 गाइड एवं 352 स्काउट प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में प्रशिक्षण से वंचित रहे स्काउट एवं गाइड के लिए सत्र का अंतिम राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर ’’31 अगस्त से 4 सितंबर 2026’’ तक जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी, पाली में आयोजित किया जाएगा। इसमें स्काउट एवं गाइड को राज्य पुरस्कार पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
शिविर का संचालन पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी ने किया। प्रशिक्षक मोहन सिंह राठौड़, रमेश सोलंकी, करमा राम एवं जयपाल सिंह सहित अन्य प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रवासी पालीवासी ने विद्यालय में शैक्षणिक विकास कार्य के लिए दी 15 लाख रु राशि की सहमति
पाली 12 अगस्त, जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की पहल पर प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ‘आओ गांव चलें’ अभियान को निरंतर जनसहयोग मिल रहा आओ गांव चले अभियान से प्रेरित होकर भीटवाड़ा निवासी दिलीप सिंह राजावत पुत्र श्री गुलाब सिंह राजावत द्वारा बाली ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीटवाड़ा में 15 लाख रु से शैक्षणिक विकास कार्य हेतु सहमति प्रदान की गई ।
जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी द्वारा प्रवासी पालीवासियों से अभियान से जुड़ने की अपील की है
जिला प्रवासी प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि प्रवासी पालीवासियों द्वारा सतत संवाद, सहयोग एवं नियमित समन्वय के लिए व्हाट्सएप नंबर 92510-39118 अथवा ई-मेल dpsdc.warroom.pali@rajasthan.gov.in के जरिए संपर्क किया जा सकता है।
’हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर तिरंगा प्रदर्शनी एवं तिरंगा कैनवास कार्यक्रम आयोजित’
पाली, 12 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में नगर निगम कार्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को समर्पित ’’‘वंदे मातरम’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त देवीलाल बौचल्या सहित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
लोढ़ा बाल निकेतन विद्यालय में आयोजित तिरंगा प्रदर्शनी एवं तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने किया। उन्होंने तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर कर राष्ट्रीय प्रेम एवं देशभक्ति का संदेश दिया।
वहीं रोहट पंचायत समिति मुख्यालय पर अधिकारियों एवं कार्मिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान का गायन किया। इस दौरान वंदे मातरम् का जयघोष कर राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 17 तक विभिन्न कार्यक्रम
हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरूवार को लोढ़ा बाल निकेतन विद्यालय में तिरंगा प्रदर्शनी अवलोकन के लिए एवं 14 अगस्त को लोढा स्कूल में विभाजन की विभीषिका थीम पर प्रदर्शनी व सायं 7 बजे तिरंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसी प्रकार 13 से 17 अगस्त तक सभी शहरी निकायों व पंचायतीराज संस्थाअें के कार्यालय भवनों, स्मारकों को तिरंगा रंग की एलईडी लाईटिंग, प्रमुख बाजारों में भी लाईट डेकोरेशन, माला डेकोरेश, दीया से सजावट एवं वंदे मातरम की प्रेरणात्मक थीम पर आधारित विशाल त्रिरंगी रंगोली का निर्माण किया जाएगा। साथ ही 13 से 17 अगस्त तक तिरंगा कार्यक्रम के तहत प्रत्येक शहरी निकाय व पंचायत में मुख्य बाजार, पंचायत कार्यालय, भारत निर्माण सेवा केन्द्र आंगनबाडी, बस स्टेण्ड आदि पर तिरंगा केनवास लगाए जाएंगे।










