संत श्रीरामविश्वास महाराज के जन्मदिन पर उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब; 105 यूनिट रक्तदान, 57 मरीजों का होगा मुफ्त मोतियाबिंद

Satynarayan Sen
शाहपुरा (लूलास)।समीपवर्ती रामद्वारा (ओदी) लूलास, शाहपुरा में संत श्रीरामविश्वास महाराज के जन्मदिन के पावन अवसर पर लुलास ओदी आश्रम में सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आश्रम परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान महाराज श्री को बधाई देने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए क्षेत्र सहित दूर-दराज से हजारों की संख्या में भक्तजन पहुंचे, जिससे पूरा आश्रम परिसर श्रद्धालुओं के जनसैलाब से सराबोर हो गया। *180 मरीजों की हुई आंख की जांच*। मानव सेवा को समर्पित इस जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत गोमाबाई नेत्र चिकित्सालय, नीमच के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा नि:शुल्क नेत्र शिविर लगाया गया।

शिविर में कुल 180 मरीजों के आंखों की ओपीडी (जांच) की गई। परीक्षण के बाद मोतियाबिंद व अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित 57 मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें अस्पताल द्वारा आगे की चिकित्सा सुविधाएं दी जाएंगी। *युवाओं ने किया 105 यूनिट रक्तदान*। इसके साथ ही आश्रम में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में स्थानीय युवाओं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। शिविर में कुल 105 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के काम आएगा। *ये प्रबुद्ध जन रहे उपस्थित*। इस भव्य और सेवाभावी कार्यक्रम के दौरान संत श्री निर्मल राम महाराज, पूर्व सीएमएचओ डॉ. आर.सी. सामरिया, अभिषेक पाराशर, हरिओम भाट सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और हजारों की तादाद में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी उपस्थित अतिथियों और भक्तों ने संत श्री श्रीरामविश्वास महाराज को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की।











