आर्य वीर दल के 17 दिवसीय आत्मरक्षा एवं चरित्र निर्माण प्रशिक्षण शिविर का समापन, बच्चों ने किया शौर्य प्रदर्शन

Ghevarchand Arya
पाली, 29 जून। आर्य समाज एवं आर्य वीर दल, पाली के संयुक्त तत्वावधान में 12 जून से 28 जून तक आयोजित 17 दिवसीय “आत्मरक्षा एवं चरित्र निर्माण प्रशिक्षण शिविर” का समापन समारोह रविवार सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक महर्षि दयानंद सरस्वती व्यायामशाला में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि विधायक भीमराज भाटी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी, समाजसेवी नरेंद्र माच्छर, महेंद्र कवाड़, पुनीत मुथा, मगराज जैन समारोह में उपस्थित रहे।
प्रचार मंत्री घेवरचन्द आर्य ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान आर्य वीर दल के अधिष्ठाता विनोद आर्य जालोर, महामंत्री शिवदत्त आर्य जालोर, आर्य समाज पांवटा जोधपुर के वरिष्ठ वैदिक विद्वान सेवाराम आर्य, पूर्व मंत्री प्रदीप देवड़ा, आर्य समाज पाली के संरक्षक धनराज आर्य एवं प्रधान मगाराम आर्य ने की।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी ने कहा कि आर्य वीर दल शौर्य, अनुशासन व संस्कारों का संगम है और व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का कार्य सराहनीय है। पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने आर्य वीर दल को सनातन धर्म का ध्वजवाहक बताया। विधायक भीमराज भाटी ने आर्य वीरांगनाओं के शौर्य, साहस व आत्मविश्वास की सराहना की। शिवदत्त आर्य ने कहा कि शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास ऐसे शिविरों से ही संभव है।
व्यायाम शिक्षक जीवनलाल आर्य के निर्देशन में 121 शिविरार्थियों ने सूर्य नमस्कार, चंद्र नमस्कार, भूमि नमस्कार, कराटे, लाठी, भाला, तलवार संचालन, लेजियम नृत्य, योगासन, खड़ताल नृत्य सहित शौर्य प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को अतिथियों द्वारा स्वर्ण, रजत, कांस्य पदक तथा शेष सभी को प्रमाण-पत्र व बैग वितरित किए गए। अध्यक्ष दिलीप परिहार ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, जिला ओलंपिक खेल संघ, बॉक्सिंग संघ, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, लाखोटिया योग समिति, साहित्य परिषद, भारत विकास परिषद, डिस्ट्रिक्ट क्लब, शिवसेना सहित शहर की अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर के समापन पर बच्चे अपने गुरुओं से विदा लेते समय भावुक हो गए, अभिभावकों ने उन्हें सांत्वना दी।











