पानी की सप्लाई शुरू होते ही चल जाती हैं मोटरें अंतिम घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी वार्डवासियों में भारी रोष

- लूनिया टाइम्स संवाददाता भरत जीनगर रानी स्टेशन।
रानी के कस्बे के सुभाष नगर स्थित आईटीआई कॉलेज रोड क्षेत्र में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जलदाय विभाग की ओर से पानी की सप्लाई शुरू होते ही कुछ लोग अपने घरों में लगी मोटरों के माध्यम से सीधे पाइपलाइन से पानी खींच लेते हैं इसके कारण लाइन के अंतिम छोर पर स्थित घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पाता और अनेक परिवारों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
वार्डवासियों ने बताया कि पानी की सप्लाई के दौरान कई उपभोक्ता अवैध रूप से मोटर लगाकर सीधे पाइपलाइन से पानी खींच लेते हैं इससे पानी का दबाव कम हो जाता है और अंतिम घरों तक पानी पहुंचने से पहले ही अधिकांश पानी बीच में ही खपत हो जाता है स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई घरों में पीने के लिए एक मटका पानी तक नहीं पहुंच पा रहा है स्थानीय निवासी भरत जीनगर दौलतसिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के इस मौसम में पानी की समस्या ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं महिलाओं बुजुर्गों और बच्चों को पानी की व्यवस्था के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है कई परिवारों को मजबूरन निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है जिससे उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या का मुख्य कारण पानी की सप्लाई के दौरान मोटरों का अवैध उपयोग है उन्होंने जलदाय विभाग और प्रशासन से मांग की है कि पानी की सप्लाई के समय बिजली की अस्थायी कटौती की जाए ताकि कोई भी व्यक्ति मोटर चलाकर पानी न खींच सके इसके साथ ही अवैध रूप से मोटर लगाकर पानी लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी मोटरें जब्त की जाएं.
लोगों का कहना है कि जब तक ऐसे लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी तब तक लाइन के अंतिम घरों तक पानी पहुंचाना संभव नहीं होगा वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है क्षेत्र के नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया और सभी घरों तक समान रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे.
वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा हर घर तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो सके













