राजस्थान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी संघ पाली के अध्यक्ष बने डॉ. ललित कुमार राठौड़

पाली। राजस्थान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी संघ, पाली के चुनाव में डॉ. ललित कुमार राठौड़ अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। उनकी जीत के बाद जिलेभर के आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों में हर्ष का माहौल है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार राठौड़ ने सभी आयुर्वेद चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सक साथियों द्वारा दिए गए विश्वास और समर्थन ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने सभी मतदाताओं एवं सहयोगी चिकित्सकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
डॉ. राठौड़ ने कहा कि संघ के सभी पदाधिकारियों और चिकित्सक साथियों के सहयोग से आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के विकास और उत्थान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा चिकित्सकों की आवाज को सशक्त रूप से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।
गौरतलब है कि डॉ. ललित कुमार राठौड़ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे हैं। उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने पर चिकित्सक समुदाय एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।













