स्टॉप डायरिया अभियान का रानी ब्लॉक में शुभारंभ 31 जुलाई तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

लूनिया टाइम्स संवाददाता भरत जीनगर रानी स्टेशन।
रानी। पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने एवं आमजन में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को रानी ब्लॉक के बिजोवा में स्टॉप डायरिया अभियान का शुभारंभ किया गया अभियान का उद्घाटन ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओजस रावल ने किया यह विशेष अभियान 16 जून से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर घर पहुंचकर परिवारों को डायरिया की रोकथाम एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगी.
इस अवसर पर डॉ. ओजस रावल ने बताया कि डायरिया बच्चों में बीमारी और मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल है लेकिन समय पर उपचार एवं आवश्यक सावधानियां अपनाकर इससे होने वाले खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है उन्होंने कहा कि डायरिया होने पर ओआरएस घोल और जिंक की गोलियों का उपयोग बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण में अत्यंत प्रभावी साबित होता है.
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आशा सहयोगिनी एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पांच वर्ष तक के बच्चों वाले परिवारों से संपर्क कर डायरिया की रोकथाम हाथ धोने की सही विधि स्तनपान के महत्व साफ सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षित पेयजल के उपयोग के बारे में जागरूक किया जाएगा साथ ही परिवारों को यह भी बताया जाएगा कि डायरिया के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल ओआरएस देना शुरू करें और निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें.
डॉ. रावल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर भी यह अभियान 16 जून से 31 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है अभियान के तहत सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर ओआरएस एवं जिंक कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे जहां जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क ओआरएस पैकेट एवं जिंक उपलब्ध कराए जाएंगे स्वास्थ्य कर्मियों को भी अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में डायरिया के मामले बढ़ने की संभावना रहती है इसलिए स्वच्छता हाथों की नियमित सफाई और शुद्ध पेयजल का उपयोग बेहद जरूरी है अभियान के माध्यम से समुदाय स्तर पर व्यापक जन जागरूकता पैदा कर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में डायरिया के मामलों एवं उससे होने वाली जटिलताओं को कम करने का प्रयास किया जाएगा स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा बच्चों में डायरिया के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतते हुए तुरंत चिकित्सा सलाह लें इस मौके पर डॉ ओजस रावल बिजोवा प्रशासक प्रतिनिधि हरीश देवासी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.













