नेतरा को मिली तीन सड़कों की सौगात: कैबिनेट मंत्री कुमावत का किया अभिनंदन

भरत शर्मा
पाली, 22 जून। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नेतरा में विकास की नई इबारत लिखी गई है। क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण सड़कों की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह है। इस ऐतिहासिक सौगात के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक और पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श् जोराराम कुमावत का पलक-पावड़े बिछाकर भव्य स्वागत किया।
साढ़े चार करोड़ की लागत से चमकेगी राह
गांव के प्रबुद्ध नागरिक व बालोतरा प्रभारी करण सिंह राजपुरोहित नेतरा के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मान समारोह में ग्रामीणों ने मंत्री कुमावत को साफा बांधा और फूलमालाओं से लाद दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मंत्री के प्रयासों से कुल 455 लाख (4.55 करोड़) रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। इसके तहत 135 लाख रुपए की लागत से नेतरा से पराखिया तक सड़क बनेगी। इसके अलावा 275 लाख रुपए का भारी-भरकम बजट पराखिया से बिरोलिया तक की सड़क के लिए स्वीकृत हुआ। वहीं, 45 लाख रुपए की लागत से नेतरा से वराही माता मंदिर तक सड़क का निर्माण होने से इसकी राह आसान होगी ।

श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
कैबिनेट मंत्री कुमावत ने कहा कि प्रसिद्ध वराही माता मंदिर में धार्मिक आयोजनों के दौरान हजारों श्रद्धालु आते हैं। खराब रास्तों के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। ग्रामीणों की इस जायज और लंबे समय से लंबित मांग को उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री श्रीमती दिया कुमारी के समक्ष प्रमुखता से रखा। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत बजट जारी कर दिया। मंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में ये रहे मौजूद
इस गौरवमयी क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में जनसमूह उमड़ा। कार्यक्रम में प्रदेश प्रतिनिधि सदस्य करण सिंह राजपुरोहित नेतरा, नरपत सिंह राजपुरोहित, शेषमल राजपुरोहित, लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित, उपसरपंच जगदीश सिंह राजपुरोहित सहित नेतरा गांव के अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध जन और आम नागरिक मौजूद रहे











