1 जुलाई 2026 से नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई शुरू

राकेश अग्रवाल
प्रदेशभर में बुधवार, 1 जुलाई 2026 से नए शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत हो गई। सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में सुबह से ही विद्यार्थियों का उत्साह देखने को मिला। नए सत्र के पहले दिन बड़ी संख्या में बच्चे विद्यालय पहुंचे, जहां शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन ने उनका स्वागत किया। कई विद्यालयों में प्रवेशोत्सव, प्रार्थना सभा और विभिन्न स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इसी बीच सवाई माधोपुर जिले के शहीद बाबूलाल मीणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, एंडवा से एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है। विद्यालय में लंबे समय से विभिन्न विषयों के अध्यापकों की कमी बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। नए सत्र के पहले ही दिन इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और शिक्षा विभाग के समक्ष विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति की मांग रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर पहुंचकर तालाबंदी कर दी और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी व्यक्त की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक विद्यालय में सभी आवश्यक विषयों के अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सरकार को शीघ्र समाधान निकालना चाहिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले की जानकारी ली जा रही है। फिलहाल ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है।











