शिवगंज में संपन्न हुई लखमावा पार्श्र्वनाथ जैन मंदिर की खनन विधि

Vikram B Rathod
जैनाचार्य श्री रत्नसेन सूरीश्वर म.सा. आदि की शुभ निश्रा में श्री लखमावा जैन संघ के अंतर्गत शिवगंज में स्थित रायचंद कॉलोनी में नूतन जैन मंदिर के खनन मुहूर्त का कार्यक्रम हर्षोल्लास पूर्वक संपन्न हुआ । प्रातः 7:00 बजे शिवगंज सर्कल से गाजे-बाजे के साथ जैन आचार्य श्री का मंगल प्रवेश हुआ । फिर भूमि पूजन- खनन मुहूर्त- पाटला पूजन के लाभार्थी शाह अरविंद कुमार सरेमलजी पालरेचा के गृहांगण में जैनाचार्यश्री के पगले हुए ।
फिर मंदिरजी की भूमि पर विधि कारक- विरलभाई ने पाटला पूजन- भूमि पूजन की मंगल विधि कराई । शुभ मुहूर्त में पालरेचा परिवार ने नूतन मंदिर की खनन विधि की। जैनाचार्य श्री ने वासक्षेप करते हुए जिनालय के निर्विघ्नतया प्रतिष्ठा हेतु मंगल आशीर्वाद प्रदान किये।

धर्मसभा में प्रवचन देते हुए जैनाचार्य श्री ने कहा कि-
जैसे फूलों का सार उसकी सुगंध है ,दूध का सार मलाई है,वैसे ही सभी आगम शास्त्रों का सार-परमात्मा की भक्ति है। आज हमारे जीवन में जो कुछ भी अच्छा और शुभ है वह सभी परमात्मा की भक्ति के कारण है परमात्मा की भक्ति सभी सुखों का मूल कारण है श्रावक को प्रतिदिन सुबह ,दोपहर और शाम को त्रिकाल परमात्मा की पूजा करनी चाहिए । परमात्मा के नाम स्मरण में भी विशिष्ट शक्ति रही हुई है। जो हमारे जीवन के रोग ,शोक और उपद्रव भी श्वत: नष्ट हो जाते हैं।
पाप के उदय के कारण यदि जीवन में कोई भी आपत्ति आई हो तो उसे दूर करने का सर्वश्रेष्ठ उपाय है ” परमात्मा की भक्ति ”। परमात्मा की भक्ति से सभी उपसर्गों का शमन होता है,विहन की लताएं-टूट जाती है और मन प्रसन्नता से भर जाती है। दुनिया में ऐसी कोई चीज नहीं है जो हमें परमात्मा की भक्ति से प्राप्त न हो ।आवश्यकता है मात्र अपने मन में दृढ़ श्रद्धा की।











