दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से गर्भवती भैंस की मौत, दो अन्य घायल
सुरेश मोनू छिपा
शाहपुरा। शहर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से तीन भैंसें घायल हो गईं, जिनमें से एक गर्भवती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शाहपुरा पुलिस थाने के सामने स्थित स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी के पास उस समय हुआ, जब तीनों भैंसें सड़क पार कर रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि गर्भवती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई तथा उसके गर्भ में पल रहा बछड़ा भी बाहर निकल गया, जिससे घटनास्थल का दृश्य बेहद मार्मिक हो गया। हादसे में अन्य दो भैंसें गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।

घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पीड़ित कमलेश कहार निवासी रामपुरा ने शाहपुरा थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर निवर्तमान पार्षद दुर्गालाल कहार, राजेश खटीक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से फरार वाहन चालक का शीघ्र पता लगाकर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
— मोनू सुरेश छीपा











