भामाशाहों के सहयोग से निम्बाड़ा विद्यालय में नवीन रसोईघर का लोकार्पण

भरत शर्मा
विद्यार्थियों को नशे और मोबाइल की लत से दूर रहने का संदेश, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पाली, 21 जुलाई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, निम्बाड़ा में भामाशाह डॉ. एम.एस. लोढा, डॉ. नीरज लोढा, डॉ. दीपाली लोढा एवं आलोक भटनागर (नेक्स जैन टेक्सटाइल) के सहयोग से स्वर्गीय श्रीमती अरुणा लोढा की स्मृति में निर्मित नवीन रसोईघर का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनर व्हील क्लब की नवनिर्वाचित अध्यक्ष भावना सोमानी ने की।कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप कर्मचंदानी, पीईईओ धर्मेन्द्र पालरिया, सरपंच हबीब खान तथा हनुमान सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पीईईओ धर्मेन्द्र पालरिया ने जिला कलक्टर के नवाचार “आओ गांव चले” एवं “मिशन मानस” अभियान की जानकारी देते हुए इनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप कर्मचंदानी ने मिशन सुलेख सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी साझा की।

भामाशाह डॉ. नीरज लोढा ने विद्यार्थियों को मोबाइल और नशे की लत से दूर रहकर शिक्षा एवं संस्कारों पर ध्यान देने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण कक्षों की मरम्मत कराने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भामाशाह मीना मेहता एवं महेंद्र मेहता की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
संस्था प्रधान श्रीमती संतोष पालरिया ने विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं भौतिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों, भामाशाहों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सज्जन सिंह, आनंद प्रसाद, मुमल, निशा, उमाराम, सज्जन कंवर, मानवेंद्र सिंह, सुनीता, शौकत खान, शरीफ खान, रसीद खान, शाहबुद्दीन, निजाम खान, रफीक, अय्यूब खान, अमजद खान, इकबाल खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गजेन्द्र सिंह पंवार ने किया।











