बांगड़ अस्पताल से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों पर निकली रैली, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लिया भाग

16वें भारतीय अंगदान दिवस पर पाली में निकाली अंगदान जन-जागरूकता रैली’
भरत शर्मा।
पाली, 3 अगस्त। 16वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर सोमवार को पाली शहर में अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा, राजकीय बांगड़ चिकित्सालय, पाली एवं अंगदान जन चेतना समिति, पाली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
रैली को भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा के संस्थापक अध्यक्ष विनय बम्ब तथा राजकीय बांगड़ चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बांगड़ अस्पताल से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्ग सूरजपोल, बांगड़ स्कूल और रोटरी भवन से होते हुए पुनः बांगड़ अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई।

सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि रैली में एएनएम एवं जीएनएम के प्रशिक्षणार्थियों के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, बांगड़ अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के अग्रभाग में रेड क्रॉस की एंबुलेंस “अंगदान महादान” का संदेश प्रदर्शित करती हुई चल रही थी। प्रतिभागी पूरे मार्ग में अंगदान महादान के नारे लगाते हुए लोगों को अंगदान के महत्व और इसकी आवश्यकता के प्रति जागरूक कर रहे थे। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सर्वाेच्च मानवीय कार्य है। समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और अधिक से अधिक लोगों को मरणोपरांत अंगदान के लिए प्रेरित करने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।
भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा के सचिव विकास जैन ने कहा कि ऐसे जनहितकारी आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अंगदान के लिए आगे आने और इस महादान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी इंदु शर्मा एवं श्रीमती नूतन बाला कपिला ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मरणोपरांत अंगदान करने की शपथ दिलाई।इस अवसर पर भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा के संस्थापक अध्यक्ष विनय बम्ब, अध्यक्ष सुनील वडेरा, सचिव विकास जैन, अतुल मूंदड़ा, संदीप मेहता, कृष्णकांत केडिया तथा अंगदान जन चेतना समिति के हुक्मीचंद मेहता, गौतमचंद रांका, अशोक भंडारी, प्रभु सिंह, करीम खान और जहीर खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











