साकरीया चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा विद्यालयों को 10 लाख रुपये की सामग्री की वितरित

भरत शर्मा
आओ गांव चलें’ अभियान को मिल रहा जनसहयोग’
पाली, 3 अगस्त। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की पहल पर प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ‘आओ गांव चलें’ अभियान को निरंतर जनसहयोग मिल रहा है। अभियान से प्रेरित होकर प्रवासी समाज द्वारा अपने गांवों के विकास एवं विद्यार्थियों के हित में उल्लेखनीय सहयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में शाह प्रताप कपूर साकरीया चौरिटेबल ट्रस्ट, सांडेराव द्वारा 10 लाख रुपये की लागत से सुमेरपुर ब्लॉक की सांडेराव ग्राम पंचायत के समस्त राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नोटबुक, वाटर बोतल एवं स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया।

अभियान के तहत पाली ब्लॉक के 10 राजकीय विद्यालयों में कुल 100 स्टडी डेस्क वितरित किए गए। यह सहयोग विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधाजनक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय अकड़ावास पुरोहितान में 10, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मीणों की ढाणी डरी में 8, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जब्बरगढ़ की ढाणी डरी में 27, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मादडी ढाणी में 15, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बावरियों की ढाणी डेंडा में 9, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डेंडा में 7, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुड़ा सोनिगरा में 6, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जैतपुरा में 12, राजकीय प्राथमिक विद्यालय आईजीपी की ढाणी गिरादड़ा खालसा में 2 तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय डूंगजी का बेरा सांपा में 4 स्टडी डेस्क वितरित किए गए। इस प्रकार कुल 100 स्टडी डेस्क का वितरण हुआ।
जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने कहा कि ‘आओ गांव चलें’ अभियान का उद्देश्य प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ते हुए गांवों के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी सहित अन्य जनोपयोगी कार्यों में सहयोग के लिए प्रवासियों को प्रेरित किया जा रहा है। प्रवासी भामाशाहों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। जिला प्रवासी प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि प्रवासी पालीवासियों द्वारा सतत संवाद, सहयोग एवं नियमित समन्वय के लिए व्हाट्सऐप नंबर 92510-39118 अथवा ई-मेल कचेकबण्ूंतजववउण्चंसप/तंरंेजींदण्हवअण्पद के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।











