भायंदर मेट्रो का इंतजार अब जल्द होगा खत्म, कुछ ही महीनों में शुरू होगा संचालन

भायंदर: भायंदर और मीरा रोड के लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जिस भायंदर मेट्रो का इंतजार किया जा रहा था, वह अब जल्द ही समाप्त होने वाला है। यदि सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे होते हैं, तो दिसंबर 2026 तक मेट्रो का दूसरा चरण भी शुरू हो जाएगा।
मेट्रो परियोजना का पहला ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इससे पहले अप्रैल 2026 में दहिसर से काशीगांव तक मेट्रो का सफल परीक्षण किया गया था। परियोजना के पहले चरण में दहिसर ईस्ट, पांडुरंगवाड़ी, मीरागांव और काशीगांव तक मेट्रो सेवा तैयार हो चुकी है।

अब दूसरे चरण के अंतर्गत दीपक हॉस्पिटल, मेक्सस मॉल और सुभाषचंद्र बोस मैदान (भायंदर पश्चिम) तक मेट्रो लाइन का कार्य अंतिम चरण में है। निर्धारित योजना के अनुसार, यह खंड दिसंबर 2026 तक यात्रियों के लिए शुरू किए जाने की संभावना है।
मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद भायंदर और दहिसर के बीच यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगी। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा, लोगों के समय की बचत होगी और रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।











