आलोक सेंट्रल स्कूल में गजेन्द्र गोपाल शास्त्री का प्रेरक उद्बोधन, विद्यार्थियों को दिए संस्कार और अनुशासन के संदेश

मोनू सुरेश छीपा।
मोबाइल के दुष्प्रभावों से किया आगाह, राष्ट्रहित और सनातन संस्कृति के मूल्यों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
शाहपुरा। आलोक सेंट्रल स्कूल में शिव महापुराण के प्रख्यात कथावाचक गजेन्द्र गोपाल शास्त्री का विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रेरक संवाद कार्यक्रम में शास्त्री जी ने विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और भारतीय संस्कृति के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में शास्त्री जी ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने तथा अच्छे संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा दी।
शास्त्री जी ने एक आदर्श विद्यार्थी के पाँच प्रमुख लक्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, गुरुजनों का सम्मान, राष्ट्रभक्ति और सनातन संस्कृति के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य एक जिम्मेदार, संस्कारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले नागरिक का निर्माण करना है। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान गंभीरता और उत्साह के साथ उनके विचारों को सुना।
कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान विरेंद्र कुमार व्यास ने पूज्य गजेन्द्र गोपाल शास्त्री का विद्यालय पधारने, विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने तथा अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उषा शर्मा, सुशील कुमार गोड़, दुर्गा लाल धाकड़, शैलेंद्र सिंह राणावत, आरती शर्मा, सुषमा सेन, विष्णु जांगिड़, राजेश सेन, मुकेश तेली, गुड्डी बानो, किशन लाल धाकड़, मुरली बंजारा, देव किशन कोली, गौतम तिवाड़ी, अंजली शर्मा, चेस्ट शर्मा, अंशिका चेचाणी, आयुष आचार्य, सीताराम गुर्जर, धीरेंद्र पांचाल, खुशबू राठौड़, स्नेहा सेन, नैना पांचाल, फरजाना बानो, सुमन यादव, किरण जांगिड़, पायल नायक, रेखा प्रजापत, दिव्या श्रीवास्तव, हेम कंवर, सुचिता कांटिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
फोटो कैप्शन:
आलोक सेंट्रल स्कूल में विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन एवं सनातन संस्कृति के मूल्यों पर प्रेरक उद्बोधन देते शिव महापुराण के प्रख्यात कथावाचक गजेन्द्र गोपाल शास्त्री।











