जिला कलक्टर ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव, हरियालो राजस्थान, हर घर तिरंगा अभियान एवं राजस्व अधिकारियो की बैठक ली

भरत शर्मा।
पाली, 7 अगस्त। जिला कलक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलक्टर कार्यालय के वीसी कक्ष में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों, हरियालो राजस्थान अभियान, हर घर तिरंगा अभियान तथा राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
’हरियालो राजस्थान अभियान की प्रगति की समीक्षा’
जिला कलक्टर ने ब्लॉकवार एवं विभागवार हरियालो राजस्थान अभियान के तहत किए जा रहे पौधारोपण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा सभी पौधों का जियो टैग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रकोष्ठों (सेल) के गठन एवं उनकी सक्रियता सुनिश्चित करने, मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना के निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों को मतदाता सूची संबंधी कार्यों में समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।
साथ ही मतदान केंद्रों का निरीक्षण, बूथों निरीक्षण , विद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के गठन तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने, संवाद कार्यक्रम आयोजित करने तथा आदर्श आचार संहिता एवं कानून-व्यवस्था संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
’हर घर तिरंगा अभियान सफल आयोजन के लिये दिये निर्देश
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विभागों एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को राष्ट्रीय ध्वज को निर्धारित मानकों एवं गरिमा के अनुरूप फहराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के साथ मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने ग्राम स्तर से जिला स्तर तक तिरंगा रैली, प्रभात फेरी, रंगोली, हेलमेट के साथ बाइक रैली, जवाई बांध सहित विभिन्न स्थलों पर आयोजन करने के निर्देश दिए। साथ ही 13 एवं 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ विषय पर जिला स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित करने तथा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप समय पर तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
’लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश’
बैठक में जिला कलक्टर ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न उपखंडों एवं तहसीलों में लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने राजस्थान काश्तकारी अधिनियम की धारा 251-ए, धारा 175 एवं धारा 137 से संबंधित प्रकरणों, नामांतरण, सीमा ज्ञान, पत्थरगढ़ी, भूमि आवंटन, मोबाइल टावर, विभागीय कार्रवाई, न्याय शाखा, सतर्कता, संपर्क पोर्टल, शस्त्र अनुज्ञापत्र, न्यायालय अवमानना संबंधी प्रकरणों तथा ई-डाक के प्रभावी उपयोग की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
’अधिकारी रहे उपस्थित’
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े











