आदर्श विद्यालय में मनाया आदिवासी दिवस, संस्कृत सप्ताह का हुआ समापन

मोनू सुरेश छीपा।
शाहपुरा, 8 अगस्त। आदर्श माध्यमिक विद्यालय, कोठार मोहल्ला शाहपुरा में शनिवार को आदिवासी दिवस एवं संस्कृत सप्ताह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रकार की वेशभूषा में अपनी प्रस्तुतियां दीं।
विद्यालय के आचार्य सांवरिया लाल कुमावत ने विद्यार्थियों को आदिवासी दिवस के महत्व एवं आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और योगदान के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित संस्कृत सप्ताह का भी समापन किया गया। आचार्य रामप्रसाद शर्मा ने बताया कि संस्कृत सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए संस्कृत संभाषण, श्लोक वाचन, गीत, निबंध लेखन, भित्तिचित्र, कहानी लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा एवं विविध सामाजिक परंपराओं के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना रहा।











