सरूपगंज क्षेत्र में श्रावण के दूसरे सोमवार पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, शिवालयों में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

माधुराम प्रजापत
पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर सरूपगंज कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। अलसुबह से ही क्षेत्र के तमाम छोटे-बड़े शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया, जो देर शाम तक निरंतर जारी रहा। पूरे दिन शिवालय ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गुंजायमान रहे।
कस्बे के प्रमुख शिव मंदिरों में तड़के से ही महादेव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बिल्वपत्र, धतूरा, आंकड़े के फूल और फल अर्पित कर भगवान आशुतोष से परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना की।
विशेष श्रृंगार और महाआरती रही आकर्षण का केंद्र
श्रावण के दूसरे सोमवार को लेकर मंदिर समितियों द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। शाम के समय भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार किया गया। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कई मंदिरों में संगीतमय भजन संध्या और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन भी किया गया, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण धर्ममय हो गया।
महिलाओं और युवाओं में दिखा खासा उत्साह
व्रत-उपवास रखकर पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां मंदिरों में पहुंचीं। युवाओं में भी श्रावणी सोमवार को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कई युवाओं की टोलियां क्षेत्र के प्रसिद्ध धामों और महादेव मंदिरों के दर्शन के लिए बोल बम के नारे लगाते हुए रवाना हुईं।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम
मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और मंदिर विकास समितियों के कार्यकर्ता मुस्तैद रहे। महिलाओं और पुरुषों के लिए दर्शन की अलग-अलग कतारें बनाई गईं, जिससे श्रद्धालुओं ने सुगमता से भगवान शिव के दर्शन-पूजन किए। लब्धेश्वर महादेव भावरी, रामेश्वर मंदिर, पिपलेश्वर महादेव, खजूरेश्वर महादेव समेत सभी मंदिरों में भीड़ देखी गई।











