सरेरी बांध से त्रिदेव महादेव तक निकली भव्य कावड़ यात्रा, भक्तिमय माहौल में हुआ जलाभिषेक

गौतम सुराणा
कंवलियास। सावन माह के पावन अवसर पर सोमवार को कंवलियास स्थित त्रिदेव महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के पुजारी जगदीश महाराज के सान्निध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सरेरी बांध से पवित्र जल लेकर भव्य दितीय कावड़ यात्रा निकाली और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।श्रद्धालु सरेरी बांध से पवित्र जल लेकर सबसे पहले पाबूजी महाराज के मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन और आरती के बाद रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया।
भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे।इसके बाद सुबह गाजे-बाजे और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ कावड़ यात्रा त्रिदेव महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। इस दौरान गांव में सुख, शांति और अच्छी वर्षा की कामना की गई।सावन के सोमवार को त्रिदेव महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हजारों की संख्या में कावड़िए, डाक कावड़िए और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक किया।











