कंवलियास में नेशनल हाईवे-48 पर हादसे का खतरा, रोडवेज विभाग की लापरवाही से त्रिदेव महादेव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

गौतम सुराणा कंवलियास
अजमेर और भीलवाड़ा जाने वाली रोडवेज बसें सर्विस रोड पर नहीं आती
कंवलियास। कंवलियास स्थित नेशनल हाईवे-48 पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। त्रिदेव महादेव मंदिर में प्रतिदिन 10 से 15 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि प्रत्येक सोमवार को यह संख्या बढ़कर 1 लाख से अधिक हो जाती है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि अजमेर और भीलवाड़ा जाने वाली रोडवेज बसें सर्विस रोड पर नहीं आती हैं, जिससे यात्रियों को हाईवे पर ही खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के बीच कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार रोडवेज विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद बसों का हाईवे पर रुकना लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रत्येक सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं के कारण रोडवेज को अच्छा राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है। क्षेत्रवासियों और ट्रस्ट ने प्रशासन और रोडवेज विभाग से मांग की है कि बसों को सर्विस रोड तक लाया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बसों में चढ़ने और उतरने की सुविधा मिल सके।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।











