संस्कृत विद्यालय बड़बिराना में महंत योगी रामनाथ अवधूत का भव्य स्वागत-अभिनंदन

नोहर। ग्राम बड़बिराना स्थित राजकीय बालिका वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में भारतमाता आश्रम, नोहर के महंत योगी रामनाथ अवधूत के पहुंचने पर विद्यालय परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार जाखड़ एवं समस्त स्टाफ ने महंत जी का श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए दानदाता श्री ओमप्रकाश रतन छींपा ने विद्यालय में आठ कैमरों का संपूर्ण सेट स्थापित करवाने के लिए ₹50,000 की नगद सहयोग राशि प्रदान की। विद्यालय परिवार ने इस पुनीत सहयोग के लिए श्री छींपा का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में महंत योगी रामनाथ अवधूत ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज एवं भामाशाहों का सहयोग विद्यालयों को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर रामकुमार पिरगावत, डालूराम जोशी, प्रधानाचार्य पवन कुमार जाखड़ सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।











