सेवा के जज्बे को अहमदाबाद में मिला सम्मान, नानूराम तेली व यशराज शर्मा का भव्य अभिनंदन

प्रभुलाल लोहार
सेवा कार्यों से प्रभावित होकर ईश्वर मोदी व परिवार ने भगवा दुपट्टा पहनाकर किया सम्मान, गौ संरक्षण को लेकर हुआ मंथन
भीलवाड़ा। गौ सेवा और जीव दया के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यों का असर अब दूसरे शहरों में भी देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी गौ सेवा संघ के जिलाध्यक्ष नानूराम तेली एवं गौ सेवक यशराज शर्मा का अहमदाबाद प्रवास के दौरान भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। गौ सेवा से जुड़े कार्यों के सिलसिले में अहमदाबाद पहुंचे नानूराम तेली एवं यशराज शर्मा के सेवा कार्यों से प्रभावित होकर प्रमुख समाजसेवी, मातृकुंडिया कार्यकारी अध्यक्ष एवं चारभुजा मेटाकास्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ईश्वर मोदी एवं उनके परिवार ने दोनों का आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर ईश्वर मोदी एवं उनके परिजनों ने दोनों गौ सेवकों को भगवा दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए उनके द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की।

गौ सेवा के विस्तार पर हुआ विचार-विमर्श
सम्मान समारोह के दौरान गौ संरक्षण, संवर्धन एवं जीव दया से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। गौ सेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को सेवा प्रकल्पों से जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। ईश्वर मोदी ने गौ सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता जताई। वहीं नानूराम तेली एवं यशराज शर्मा ने गौ संरक्षण एवं जीव दया के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। अहमदाबाद में हुए इस आत्मीय स्वागत एवं सम्मान को गौ सेवा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सेवा भावना के प्रति समाज के बढ़ते सम्मान का प्रतीक बताया











